home page

नारग विद्यालय का भूपेंद्र नेशनल के लिए चयनित

 | 
नारग विद्यालय का भूपेंद्र नेशनल के लिए चयनित


नाहन, 21 नवंबर (हि.स.)। पीएम श्री पण्डित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के नवीं कक्षा के छात्र भूपेंद्र ने ऊर्जा दक्षता पर आधारित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदेश भर में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम चमका दिया है। भूपेंद्र ने पहले प्रदेश भर से आईं हजारों पेंटिंग्स में से टॉप 50 में जगह बनाई जिसके बाद बीते कल शिमला में आयोजित प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं छठी कक्षा के छात्र आराध्य वीर सिंह ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। प्रदेश के माननीय राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भव्य समारोह में भूपेंद्र को 20,000 रुपए की ईनामी राशि से पुरस्कृत किया।इसके अतिरिक्त 2000 रुपए की अनुग्रह राशि, ट्रॉली बैग और प्रमाणपत्र भी प्राप्त किया

अब भूपेंद्र 11 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएगा। छात्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य रूप से विद्यालय के कला अध्यापक कपिल देव अत्री के साथ साथ विद्यालय परिवार को दिया।

पीएम श्री विद्यायल नारग के प्रधानाचार्य जय प्रकाश और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने भूपेंद्र को शिक्षक कपिल देव अत्री को और अभिभावकों सहित पूरे विद्यालय परिवार को बधाइयां दीं और राष्ट्रीय स्तर पर होने जा रही आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

आपको बताते चलें कि गत वर्ष भी विद्यालय की छात्रा प्रियांशी पंवर राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। विद्यालय लगातार सातवीं बार राज्य स्तरीय स्पर्धा में अपना दम दिखा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर