नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने खुंटी गाड़ कर तथा मेला मैदान में ध्वजारोहण कर किया शुभारम्भ
मंडी, 04 अप्रैल (हि.स.)। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने ऐतिहासिक नलवाड़ एवं देवता मेला धर्मपुर का शुभारंभ किया। बस अड्डा स्थित शीतला माता मंदिर के समीप बैल पूजन के उपरांत उन्होंने खुंटी गाड़ कर तथा मेला मैदान में ध्वजारोहण कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक धर्मपुर चन्द्रशेखर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मेले के शुभारंभ से पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री ने शीतला माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक जलेब में भाग लिया। यह जलेब शीतला माता मंदिर से आरम्भ होकर कॉलेज मैदान में सम्पन्न हुई। जलेब में बाबा कमलाहिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने स्थानीय देवी-देवताओं के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान धर्मपुर क्षेत्र के 23 स्थानीय देवी-देवताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे धार्मिक आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
मेला मैदान में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने नलवाड़ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है और सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों से समाज का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हुआ है।
इससे पूर्व मंत्री ने आईटीआई बरोटी का निरीक्षण कर भूस्खलन से हुए नुक्सान का आकलन किया तथा संबंधित अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया तथा स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

