मंडी के नलसर में दो दिवसीय पारंपरिक मेले का आगाज़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मंडी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र स्थित नलसर में दो दिवसीय पारंपरिक मेले का शुभारंभ पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त उप निरीक्षक ज्ञान चंद ने किया। इस अवसर पर नलसर की ऐतिहासिक झील के किनारे भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, महिला मंडलों तथा विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा प्रस्तुत की गई पहाड़ी नाटी ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। व्यापार मंडल नलसर और मेला आयोजन समिति के प्रधान हरीश कुमार ने बताया कि मेले के दूसरे दिन पारंपरिक जलेब निकाली जाएगी, जिसमें क्षेत्र के देवी-देवता श्रद्धापूर्वक शिरकत करेंगे। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पंचायत सचिव लता ठाकुर , भारतीय पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धन्ना रावत, आयोजित समिति कै सदस्य विनोद जसवाल, छांगू राम राम, कृष्ण केशव, ठाकुर हीरा ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, लालमन, ईश्वर दास, कृष्ण कुमार , प्रभात आनंद ठाकुर, सूरज सिंह ठाकुर , संतोषी शर्मादीपक ठाकुर, जगदीश ठाकुर, गुरुदेव ठाकुर, अमित शर्मा, प्रिंस ठाकुर, बिशन दत्त शर्मा, मुरारी लाल शर्मा और मुंशी राम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

