home page

मंडी की ज्वलंत समस्याओं को उठाएगी नागरिक सभा

 | 

मंडी, 14 जून (हि.स.)। मंडी नागरिक सभा दो बड़ी मांगों को मनवाने में सफल रहने के बाद अब शहर की अन्य ज्वलंत मांगों को उठाएगी ताकि लोगों को राहत दिलाई जा सके। रविवार को नागरिक सभा मण्डी की कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक जो खत्री सभा भवन में प्रधान हरीश वैद्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। । इस महत्वपूर्ण बैठक में नागरिक सभा के आमंत्रण पर नगर की अनेक सामाजिक धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए।

अध्यक्ष हरीश वैद्य ने बताया कि सभा ने मण्डी नगर के दो प्रमुख मुद्दों यथा मण्डी के ऐतिहासिक महत्व वाले दोनों स्कूलों (विजय हाई स्कूल एवं रानी अमृत कौर कन्या पाठशाला) के विलय के विरुद्ध नागरिक सभा द्वारा अपनी सहयोगी संस्थाओं को साथ लेकर शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रस्तुत कर उस निर्णय को निरस्त करवाया तथा जल शक्तिविभाग द्वारा मनमाने ढंग से पेयजल दरों में की गई अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में मुख्यमंत्री को बार बार पत्र प्रेषित करने के साथ साथ सभी सहयोगी संस्थाओं को साथ लेकर जिलाधीश मण्डी के माध्यम से ज्ञापन देने के उपरान्त सरकार द्वारा पुनः पुरानी दरों को लागू करने के आदेश पारित करवाने में सफलता मिली है।

बैठक में नागरिक सभा के वर्तमान कार्यालय को खाली करने के जिला कांग्रेस कमेटी के भेजे गए नोटिस के बारे में सभा को अवगत करवाया गया तथा न्यायालय में चल रहे गांधी भवन मैनेजमेंट सोसाइटी अे जिला कांग्रेस कमेटी वाद में नागरिक सभा को प्रतिवादी बनाए जाने के मुद्दे पर गहन चर्चा की गई। सभा के निवर्तमान अध्यक्षों टी एल वैद्य एवं पी सी बिष्ट द्वारा पूरे प्रकरण पर प्रकाश डाला गया तथा इस सन्दर्भ में तथ्यों से सभा को अवगत करवाया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का मानना था कि चूंकि नागरिक सभा एक विशुद्ध सामाजिक संस्था के रूप में वर्ष 1988 से इसी कार्यालय से जनसेवा के महत कार्य में संलग्न है और उन्हें कार्यालय खाली करने का आदेश देना सर्वथा अनुचित है और बैठक के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी से इस आदेश को वापिस लेने का अनुरोध किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा