विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने का सशक्त माध्यम है वार्ड सभा : सुमन ठाकुर
मंडी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने का सशक्त माध्यम वार्ड सभा है। मंगलवार को वार्ड नंबर नौ पैलेस कॉलोनी में मंगलवार को गणपति मंदिर परिसर में वार्ड सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता महापौर एवं वार्ड पार्षद सुमन ठाकुर ने की। सभा में वार्ड के विकास, स्वच्छता व्यवस्था तथा जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
महापौर सुमन ठाकुर ने वार्ड सभा के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की सभाएं स्थानीय समस्याओं को समझने, जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सभा के दौरान वार्ड कमेटी, स्वच्छता कमेटी एवं अन्य संबंधित कमेटियों का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त, परिवार रजिस्टर से संबंधित छायाप्रतियां सत्यापन के उद्देश्य से सभा के समक्ष प्रस्तुत की
गईं।
इस अवसर पर वार्डवासियों ने स्वच्छता व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, बेसहारा पशुओं, ड्रेनेज तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। महापौर ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के
समन्वय से समस्याओं का प्राथमिकता एवं चरणबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

