मंडी शहर के रास्तों पर बने लोहे के जाले जल्द होंगे दुरुस्त, टैंडर जारी करने का हुआ फैसला
मंडी, 19 नवंबर (हि.स.)। मंडी शहर में लोगों के लिए जी का जंजाल और पैदल चलने वालों के गिरने, फिसलने व जालों में फंस कर हड्डियां तोड़ रहे लोहे के जालों को अब नगर निगम दुरूस्त करेगा। शहर की सड़कों किनारे बने पैदल रास्तों के नीचे से गुजर रही नालियां पर लगाए जाले लंबे अरसे से बुरी तरह से टूटे हुए हैं, अब लोगों को इससे जल्द निजात मिल जाएगी। गुरूवार को नगर निगम की आम सभा की बैठक जो महापौर सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में हुई यह निर्णय लिया गया कि लोगों को आ रही परेशानी को देखते हुए इन जालों की मरम्मत के लिए जल्द टैंडर करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा उपमहापौर जितेन्द्र ने शहर में आम लोगों की आवाजाही एवं बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाए, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है तथा सार्वजनिक शौचालयों की आवश्यकता है। इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र नए शौचालयों का निर्माण करवाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं शहर में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त शहर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बने गड्ढों को भरने तथा मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। आपदा के दौरान विभिन्न स्थानों पर एकत्रित किए गए मलबे एवं अन्य अनावश्यक सामग्री को भी शीघ्र हटाने के निर्देशों पर चर्चा की गई, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर उन्हें शीघ्र ठीक करवाने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से वार्डों की आंतरिक सड़कों, संपर्क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई, ताकि रात्रि के समय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
महापौर सुमन ठाकुर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां लोगों को सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सीवरेज कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक जगह न मिलने के कारण कार्य में बाधाएं आ रही हैं। ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित कर उचित समाधान निकालने तथा आवश्यकतानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

