home page

केंद्र सरकार की निर्भय योजना के तहत देश के 10 शहरों में मंडी शहर का चयन

 | 
केंद्र सरकार की निर्भय योजना के तहत देश के 10 शहरों में मंडी शहर का चयन


मंडी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार की निर्भय योजना के तहत मंडी शहर की भी चयन किया गया है। नगर निगम मंडी की साधारण बैठक महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में पार्षदगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि मंडी शहर का चयन केंद्र सरकार की निर्भय योजना के अंतर्गत मंडी शहर का चयन देश के 10 शहरों में से एक के रूप में किया गया है।

इस योजना के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पिंक शौचालयों का निर्माण केवल महिलाओं के लिए, हाई मास्ट लाईट, स्ट्रीट लाईट/सोलर लाईट की स्थापना तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। जिस पर विस्तृत रूप से चर्चा कर प्रस्ताव परित किया गया जोकि जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। सड़कों के रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी तथा प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

नगर निगम मंडी एवं जलशक्ति विभाग के संयुक्त सहयोग से इंदिरा मार्किट में गंदे पानी की निकासी हेतु टैंडर प्रकिया प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ नगर निगम में सम्मिलित ग्रामीण क्षेत्रों व शहर के अन्य क्षेत्र जहां तक गैस वाहनों की पहुंच है गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था पर चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि जहां तक गैस वाहनों की पहुंच है, उससे आगे भी पात्र उपभोक्ताओं को घर-द्वार तक गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए सभी विभागों के समन्वय से कार्य किए जाएंगे तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा