home page

नगर निगम चुनाव परिणाम देंगे मंडी के साथ हो भेदभाव का जवाब : रणवीर सिंह

 | 
नगर निगम चुनाव परिणाम देंगे मंडी के साथ हो भेदभाव का जवाब : रणवीर सिंह


मंडी, 11 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी की सुक्खू सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों से जिला मंडी के सौतेला व्यवहार कर रही है और अब नगर निगम चुनावों में गेंद जनता के पाले में आ गई है। जिसका इंतजार मंडी की जनता लगातार कर रही थी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और नगर निगम मंडी के वार्ड नं एक खलियार से भाजपा प्रत्याशी रणवीर सिंह ने यह बड़ा हमला प्रदेश सरकार पर किया है।

उन्होंने कहा कि जिला मंडी से मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का भेदभाव व द्वेषपूर्ण रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है और इसके परिणाम कांग्रेस पार्टी को नगर निगम और पंचायती राज चुनावों में भुगतने पड़ेगें। उन्होंने कहा कि मंडी में विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लगा हुआ है और नगर निगम क्षेत्र में अव्यवस्था चारों ओर फैली हुई है। लोगों को मिलने वाली लगभग सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि जो सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों में नगर निगम में एक अधिशाषी अभियंता, कनिष्ठ अभियंता नहीं दे पाई वह पार्टी आज किस मुंह से नगर निगम चुनावों में वोट मांग रही है। आज पंद्रह वार्ड वाला मंडी नगर निगम केवल एक सहायक अभियंता और दो आउटसोर्स कनिष्ठ अभियंता के ऊपर चल रहा है जो सरकार की मंडी नगर निगम के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने साथ ही कहा कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा नगर निगम को उपलब्ध 15 करोड़ की राशि को प्रदेश सरकार द्वारा वापिस लेने से मंडी शहर के विकास को बड़ा धक्का लगा है जिसका जवाब कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को जनता को देना होगा।

उन्होंने कहा कि सुखविंदर सुक्खू की सरकार अपनी विश्वसनीयता को प्रदेश की जनता के समक्ष खो चुकी है जिसका खामियाजा आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नगर निगम के चौदह वार्डों में हो रहे चुनावों में भारतीय जनता पार्टी मजबूती के साथ कमल खिलाएगी और मंडी को पूरे देश में आदर्श नगर निगम के रूप में स्थापित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा