मंडी नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने छह वार्डों में उतारे उम्मीदवार, एक वार्ड में पेंच बरकरार
मंडी, 01 मई (हि.स.)। नगर निगम मंडी के चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में छह वार्डों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। लेकिन वार्ड नंबर एक खलियार में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलकनंदा हांडा को लेकर पेंच अभी भी फंसा हुआ है। कांग्रेस की दूसरी सूची में पार्टी ने वार्ड नंबर 4 नेला से नर्वदा मोहन को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। नर्वदा मोहन निर्वतमान पार्षद राजेंद्र मोहन की धर्मपत्नी है, जो हाल ही में सरकारी सेवा से निवृत हुई है। वहीं पर वार्ड नंबर 6 सन्यारड़ी से विनोद कुमार, वार्ड नंबर 7 तलयाहड़ से रुपेश कुमार, वार्ड नंबर 9 पैलेस-2 से विनय शर्मा, वार्ड नंबर 12 भगवान मोहल्ला से तेजेंद्र सिंह और वार्ड नंबर 15 दौंधी से अंजय कुमारी को एक बार फिर मैदान में उतारा है।
हालांकि, खलियार वार्ड में अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। यहां निवर्तमान पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलकनंदा हांडा के टिकट को लेकर कांग्रेस के भीतर खींचतान जारी है, जिसके चलते उम्मीदवार का नाम फाइनल नहीं हो सका है। हालांकि, अलकनंदा इस वार्ड से टिकट की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं और लगातार अपनी दावेदारी जता रही हैं, खलियार वार्ड में टिकट को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान के कारण बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। पार्टी हाईकमान के स्तर पर मंथन जारी है और जल्द ही इस वार्ड के लिए भी उम्मीदवार घोषित किए जाने की संभावना है। नगर निगम चुनावों के नजदीक आते ही कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों में टिकट वितरण को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। शनिवार को नामांकन का आखिरी दिन है, कांग्रेस और भाजपा में बगावत के स्वर बुलंद होने लगे हैं। जिससे राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। अब देखना है कि दाेनों ही दलों की ओर से जारी मानमुनौवल में बगावत पर कौन काबू पा लेता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

