home page

भाजपा की नगर निगम ने पांच साल में नहीं किया कोई काम, कांग्रेस की बनी तो नहीं रहेगी पैसे की कमीः सुक्खू

 | 
भाजपा की नगर निगम ने पांच साल में नहीं किया कोई काम, कांग्रेस की बनी तो नहीं रहेगी पैसे की कमीः सुक्खू


मंडी, 13 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी बुधवार को मंडी नगर निगम के प्रचार में कूद गए। शिमला से मंडी सड़क मार्ग से शाम पांच बजे मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री ने दस वार्डों के लिए चार जनसभाएं की। उन्होंने प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कहा कि मंडी नगर निगम में भाजपा का शासन था और उस समय भाजपा की सरकार भी थी मगर उसके बावजूद भी कोई काम यहां पर नहीं हुआ। जय राम ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री रहते हुए सराज का ही ख्याल रखा, वहां पर धड़ाधड़ 18 तो रेस्ट हाउस ही बना दिए मगर मंडी शहर की अनदेखी की।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताएं। यदि जिता दिया तो जैसे ही पार्षद कोई भी एस्टीमेट अपने वार्ड का लाएगा उसे तुरंत उसके लिए 50 लाख तक की राशि दे दी जाएगी। भले ही वह एक साथ 10 एस्टीमेट क्यों न लेकर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। भले ही उन्हें जितना मर्जी तंग किया जाए, मगर वह घबराने वाले नहीं हैं। भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद करेंगे और हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाकर ही दम लेंगे।

उन्होंने कहा कि वह नगर निगम के कामों को जानते हैं, लोगों की तकलीफें व उनके छोटे छोटे कामों से वाकिफ हैं क्योंकि वह खुद पार्षद रह चुके हैं।

टारना, नेला व टाऊन हाल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में नगर निगम का गठन जनभावनाओं के अनुरूप नहीं हुआ था। उन्होंने जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि आज वह ग्रामीण क्षेत्रों (जैसे बेहना वार्ड) को बाहर करने की बात कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए उन्होंने ही इन्हें शामिल किया था।

मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि शायद जयराम भूल गए हैं कि अब उनकी सरकार नहीं है। अब सरकार हमारी है और निर्णय हम लेंगे। सुक्खू ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए केवल अपने विधानसभा क्षेत्र सराज का ख्याल रखा, जहां 18-18 विश्राम गृह बना दिए गए, लेकिन मंडी शहर की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि जब सत्ता में थे तो सराज का विकास किया और अब चुनाव आते ही मंडी मेरी है का रोना रो रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर शिवधाम के लिए बजट का प्रावधान न करने और केवल चुनावी लाभ के लिए बिना स्टाफ के संस्थान खोलने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने ओपीएस का वादा निभाया और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया। उन्होंने घोषणा की कि मंडी को 180 करोड़ रुपये से संवारा जाएगा और आइआरडीपी की 1.20 लाख महिलाओं को 1500-1500 रुपए की मासिक सम्मान निधि दी जाएगी। उन्होंने वादा किया कि चुनाव जीतने के बाद एक जून को हर वार्ड के विकास के लिए 50-50 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी केंद्र पर निशाना साधा और नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार के अभियान की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक चंद्रशेखर, सह प्रभारी विदित चौधरी सहित कांग्रेस प्रत्याशी और अन्य नेता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा