मंडी साक्षरता समिति तीन जिलों में लगाएगी बीस हजार पौधे
मंडी, 14 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा, स्वस्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली मंडी साक्षरता एवम् जन विकास समिति आने वाले समय में बीस हजार पौधे लगाएगी। समिति के महासिचव भीम सिंह ने बताया कि समिति 11 जुलाई से 15अगस्त 2026 तक पौधरोपण अभियान चलाएगी। यह अभियान मंडी जिला के अलावा कुल्लू व हमीरपुर के 25 खंडों में चलाया जाएगा। जिसमें पौधे वन विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा कृषि व बागवानी विभाग का सहयोग भी लिया जाएगा। इस अभियान में भारतीय जीवन बीमा निगम भी फलदार पौधों के रोपण में सहयोग दे रहा है।
इस अभियान के तहत आनी में 1500 पौधे, कुल्लू में 2000, गोहर, सराज, बालीचौकी में 2000, करसोग में 2000, बल्ह-सुंदरनगर -1500, गोपालपुर-धर्मपुर में 2000, भोरंज-हमीरपुर में1000 समेत कुल 20 हजार पौधों का पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।
समिति के महासचिव भीम सिंह ने आह्वान किया है कि बरसात के मौसम में सभी सामाजिक संस्थाएं ,स्वयं सहायता समूह,महिला मंडल पौधरोपण अभियान में भाग लें। पर्यावरण बदलाव के खतरे को देखते हुए समिति हर वर्ष पर्यावरण जागरूकता अभियान के साथ पौधरोपण अभियान चलाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

