देश की सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा : सांसद सुरेश कश्यप
नाहन, 20 नवंबर (हि.स.)। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री अपनी ओछी राजनीति चमकाने के चक्कर में देश की वीर सेना के शौर्य और पराक्रम का मजाक बना रहे हैं, जिसे भारतीय जनता पार्टी और देश की जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी की उम्मीद नहीं की जा सकती। इससे न केवल सीमा पर तैनात जवानों के मनोबल को ठेस पहुंचती है, बल्कि वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की गरिमा भी धूमिल होती है
नाहन में मीडिया से बात करते हुए शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल और भारतीय सेना के मिशन सिंदूर पर दिया बयान बेहद दूर दुर्भाग्यपूर्ण हैं। सुरेश कश्यप ने कहा कि भारतीय सेना का इतिहास गौरवशाली रहा है और 'मिशन सिंदूर' समेत हर मोर्चे पर हमारे जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान को हमेशा धूल चटाई है। उन्होंने राफेल खरीद पर उठाए गए सवालों को निराधार बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारदर्शी तरीके से खरीदे गए अत्याधुनिक राफेल विमानों ने वायुसेना की ताकत को कई गुना बढ़ाया है, जिसका लोहा पूरी दुनिया मान चुकी है।
सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि जिला मुख्यालय नाहन में भारत संचार निगम लिमिटेड के सोलन-सिरमौर व्यवसायिक क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों जिलों में चल रही दूरसंचार परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया और विशेष रूप से दुर्गम व ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि चूड़धार शिरगुल महाराज की तपोस्थली पर मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने ने बताया कि केंद्र सरकार के ' सैचुरेशन प्रोजेक्ट' के तहत सोलन और सिरमौर के उन दुर्गम व नेटवर्क विहीन गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां अभी तक किसी भी कंपनी की मोबाइल सेवा नहीं पहुंची है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

