home page

दिशा बैठक में 40 से अधिक योजनाओं की समीक्षा, सांसद सुरेश कश्यप के अधिकारियों को निर्देश

 | 
दिशा बैठक में 40 से अधिक योजनाओं की समीक्षा, सांसद सुरेश कश्यप के अधिकारियों को निर्देश


शिमला, 22 जून (हि.स.)। शिमला में सोमवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्र और राज्य सरकार की 40 से अधिक विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले सड़क, पेयजल और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त कार्यालय में आयोजित इस बैठक में विधायक बलबीर वर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली विभाग, कृषि विभाग समेत कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि पिछली दिशा बैठक की तुलना में इस बार योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने और उसी आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी विभागों को अभी से तैयारियां पूरी कर लेनी चाहिए। विशेष रूप से सड़कों, पेयजल योजनाओं और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में सड़कें बनी हैं और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत जहां भी छोटे-मोटे कार्य शेष हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों को नियमित पेयजल सुविधा मिल सके।

बैठक में बिजली क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत बिजली व्यवस्था को मजबूत करने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने, ट्रांसफार्मर बदलने और थ्री-फेज बिजली कनेक्टिविटी बढ़ाने के कामों में प्रगति हुई है। उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

स्मार्ट सिटी परियोजना पर चर्चा करते हुए कश्यप ने कहा कि अधिकांश काम पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी भी कुछ परियोजनाएं लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शेष कार्यों को जल्द पूरा किया जाए ताकि स्मार्ट सिटी परियोजना का लाभ लोगों तक पूरी तरह पहुंच सके।

बैठक में मनरेगा और सांसद निधि से जुड़े लंबित विकास कार्यों का मुद्दा भी उठा। सांसद ने इन कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां अतिरिक्त धन की जरूरत होगी, वहां फंड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में हुई भारी बारिश से कई सड़क परियोजनाएं प्रभावित हुई थीं। ऐसे में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों को मानसून से पहले पूरा करना जरूरी है।

स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों की शिकायतों के बारे में पूछे जाने पर सुरेश कश्यप ने कहा कि दिशा बैठक में इस विषय पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्मार्ट मीटर लगने के कारण बिजली बिल बढ़ने की कोई व्यापक शिकायत प्रमाणित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जहां भी उपभोक्ताओं की ओर से शिकायतें मिल रही हैं, वहां चेक मीटर लगाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा