कारगिल विजय दिवस पर सांसद सुरेश कश्यप ने शहीदों को नमन किया
नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप रविवार को नाहन स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि पूरा देश उनके सर्वोच्च त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने कारगिल जैसे दुनिया के सबसे कठिन युद्धों में से एक में विजय हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है और हर भारतीय को अपनी सेना पर गर्व है।
समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद सुरेश कश्यप ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने देश की एकता और अखंडता को ध्यान में रखते हुए अपना इस्तीफा दिया है। उन्होंने इसे देशहित में उठाया गया कदम बताया।
सुरेश कश्यप ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने देश हित पहले की सर्वोच्च परंपरा का पालन करते हुए त्यागपत्र दिया है। उन्होंने कहा कि देश एकजुट और अखंड बना रहे तथा बाहरी ताकतों से देश को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, इसी सोच के साथ उन्होंने यह निर्णय लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

