home page

आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर मनाली पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, विरोध के बीच साझा किया पीड़ितों का दुख

 | 
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर मनाली पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, विरोध के बीच साझा किया पीड़ितों का दुख


कुल्लू, 18 सितंबर (हि.स.)। मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावितों का दुख साझा करते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

सांसद कंगना रनौत के साथ पूर्व मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने सांसद को क्षेत्र में हुई तबाही और राहत कार्यों की जानकारी दी। कंगना ने सोलंग गांव, जहां दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने बाहंग, ओल्ड मनाली, चचोगा, नेरी गांव और पतलीकुहल का भी दौरा किया, जहां सैंकड़ों बीघा भूमि धंसने की घटनाएं सामने आई हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना ने अपने खिलाफ की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत में हम कहीं भी जा सकते हैं, हमें कोई नहीं रोक सकता। जितने लोग नफरत करते हैं, उससे कहीं ज्यादा लोग प्यार भी करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग निंदनीय है और इसका विरोध होना चाहिए।

हालांकि, पतलीकुहल में कंगना के देर से पहुंचने को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे भी लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह