home page

हमीरपुर में पीएम मोदी के पोस्टर से छेड़छाड़, आपत्तिजनक नारे लिखे

 | 
हमीरपुर में पीएम मोदी के पोस्टर से छेड़छाड़, आपत्तिजनक नारे लिखे


हमीरपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। हमीरपुर मुख्यालय से सुजानपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अणु के समीप प्रधानमंत्री मुक्त बिजली योजना से संबंधित लगाए गए पोस्टर के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि शरारती तत्वों ने पोस्टर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो को विकृत कर दिया और उस पर आपत्तिजनक नारे लिख दिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद शहरी भाजपा ने इस कृत्य का कड़ा विरोध जताया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के फोटो के साथ इस तरह छेड़छाड़ करना और आपत्तिजनक शब्द लिखना निंदनीय है। शहरी भाजपा ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर पोस्टर के साथ छेड़छाड़ करने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शहरी भाजपा महामंत्री तेन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के फोटो के साथ छेड़छाड़ करना और आपत्तिजनक शब्द लिखना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत हमीरपुर सदर थाना में दी जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पोस्टर के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

तेन सिंह ने कहा कि यह पोस्टर हमीरपुर उपायुक्त के निवास स्थान से करीब 500 मीटर की दूरी पर लगाया गया है। उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिला में चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द बेनकाब करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा