शिमला में एक महीने से लापता 22 वर्षीय युवक सोलन से सुरक्षित बरामद
शिमला, 23 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के जुन्गा क्षेत्र से करीब एक महीने पहले लापता हुए 22 वर्षीय युवक को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। युवक 20 फरवरी 2026 से घर से लापता था और उसके परिजनों ने इस संबंध में 17 मार्च 2026 को पुलिस चौकी जुन्गा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक की तलाश के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार जुन्गा तहसील के रहने वाले स्वर्ण सिंह मेहता ने अपने बेटे निशांत उर्फ निशु के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों ने बताया था कि युवक घर से केवल 300 रुपये लेकर पेट दर्द के इलाज के लिए सिविल अस्पताल चायल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। युवक अपने साथ कोई मोबाइल फोन भी नहीं ले गया था, जिससे उसकी तलाश और कठिन हो गई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसे आखिरी बार सोलन बस स्टैंड के आसपास देखा गया था।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने लगातार अलग-अलग स्थानों पर युवक की तलाश जारी रखी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता युवक सोलन की सब्जी मंडी क्षेत्र में कबाड़ का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

