home page

शिमला पुलिस ने लापता नाबालिग को 24 घंटे में किया बरामद

 | 
शिमला पुलिस ने लापता नाबालिग को 24 घंटे में किया बरामद


शिमला, 19 जून (हि.स.)। शिमला में घर से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी अपने माता-पिता को बिना बताए घूमने के उद्देश्य से घर से चली गई थी।

मामले के अनुसार 17 जून को पुलिस थाना ढली में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी 14 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना ढली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष खोज अभियान चलाया और अलग-अलग टीमों को तलाश में लगाया।

पुलिस ने संभावित स्थानों पर खोजबीन के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों और अन्य जांच उपायों का भी सहारा लिया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 18 जून को किशोरी को धर्मपुर के डिब्बा क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि किशोरी किसी दबाव या अपराध का शिकार नहीं हुई थी, बल्कि वह अपने माता-पिता को बिना बताए घूमने के लिए घर से निकल गई थी। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, प्रभावी जांच और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सतर्क और प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा