home page

लापता तीन नाबालिग लड़कियां सुरक्षित बरामद, नौकरी की तलाश में छोड़ा था घर

 | 
लापता तीन नाबालिग लड़कियां सुरक्षित बरामद, नौकरी की तलाश में छोड़ा था घर


शिमला, 17 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र से लापता हुईं तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 13, 14 और 16 वर्ष की ये तीनों लड़कियां नौकरी की तलाश में घर से चली गई थीं।

पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना रामपुर में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

शिकायत में बताया गया था कि तीनों नाबालिग लड़कियां 15 जून की शाम घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई थीं। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर पुलिस ने तुरंत विशेष खोज दल का गठन किया और व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।

पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन की। साथ ही तकनीकी सहायता का भी सहारा लिया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों लड़कियों को रामपुर क्षेत्र से ही सुरक्षित बरामद कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों लड़कियां नौकरी की तलाश में घर से निकली थीं। पुलिस ने बरामदगी के बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उन्हें उनके माता-पिता एवं अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी नाबालिग के लापता होने की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित खोजा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा