home page

तीन दिन से लापता किशोरी तक 112 की सूचना से पहुंची पुलिस, परिजनों से मिलाया

 | 

शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। तीन दिन से लापता 17 वर्षीय किशोरी की तलाश में उसकी मां की एक कॉल अहम कड़ी बनी। मां ने हिमाचल प्रदेश की आपातकालीन हेल्पलाइन ERSS-112 पर सूचना दी। कॉल मिलते ही मामले को दर्ज किया गया और सूचना तत्काल CAD/ERU प्रणाली के माध्यम से सिरमौर जिला के पुलिस थाना पांवटा साहिब तक पहुंचाई गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस और ERSS-112 की टीम ने समन्वित प्रयास शुरू किए और किशोरी को तलाश कर सुरक्षित बरामद कर लिया।

किशोरी की मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रविंदर कुमार ने की। पुलिस टीम ने उपलब्ध सूचना के आधार पर किशोरी की तलाश की और उसे बरामद करने में सफलता हासिल की।

बरामदगी के बाद किशोरी का बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज कराया गया। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में ERSS-112 और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय से सूचना पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिली।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संकट में तत्काल ERSS-112 हेल्पलाइन का उपयोग करें। विशेषकर किसी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में समय पर सूचना मिलने से पुलिस को कार्रवाई शुरू करने में मदद मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा