शिमला में लापता 17 वर्षीय किशोरी सकुशल मिली, परिवार को सौंपा
शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने कुछ ही समय में खोजकर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार किशोरी पारिवारिक कारणों से परेशान होकर घर से चली गई थी और अपनी एक मित्र के साथ रह रही थी।
इस संबंध में महिला थाना शिमला में 3 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को यह शिकायत ठियोग तहसील के एक व्यक्ति ने दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 17 वर्षीय बेटी न्यू शिमला में अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रही थी और 2 अप्रैल को दोपहर करीब 2:30 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना शिमला की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से विभिन्न संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश की और लगातार खोजबीन जारी रखी।
जांच के दौरान पुलिस को किशोरी का पता लगाने में सफलता मिली। इसके बाद उससे आवश्यक पूछताछ की गई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से परेशान होकर घर से चली गई थी और अपनी एक मित्र के साथ थी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

