शिमला में लापता 12 वर्षीय बालक दो घंटे में मिला, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। शिमला के थाना पूर्व क्षेत्र से लापता हुए 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बालक सुरक्षित मिल गया।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाना पूर्व शिमला में सूचना दी कि उसका 12 वर्षीय बेटा घर से बिना बताए कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही थाना पूर्व शिमला की पुलिस टीम ने तत्काल बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने बालक को बालूगंज क्षेत्र में उसके एक मित्र के घर से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति लापता हो जाए तो इसकी सूचना बिना देरी पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से खोज अभियान तुरंत शुरू किया जा सकता है और लापता व्यक्ति को सुरक्षित तलाशने में मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

