home page

शांत सुरम्य गांव से सफलता के शिखर तक, छपराहण रुपांशी शर्मा बनीं मिस मंडी 2026

 | 
शांत सुरम्य गांव से सफलता के शिखर तक, छपराहण रुपांशी शर्मा बनीं मिस मंडी 2026


मंडी, 16 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिले के खूबसूरत गांव छपराहन की 19 वर्षीय रुपांशी शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिस मंडी 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। यह सफलता उनकी प्रतिभा के साथ-साथ उनके मजबूत पारिवारिक मूल्यों की भी झलक पेश करती है। रुपांशी, छपराहण निवासी दलीप कुमार और प्रमिला शर्मा की बेटी हैं। वह अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के संस्कार, त्याग और अटूट विश्वास को देती हैं। उनके अनुसार उनका परिवार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस दिया। रुपांशी ने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी गोहर से पूरी की और वर्तमान में श्री साई यूनिवर्सिटी, पालमपुर से बैचलर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने मात्र 18 वर्ष की आयु में मॉडलिंग की शुरुआत की और अपनी कड़ी मेहनत व समर्पण से कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें मिस धौलाधार (टॉप 10),मिस पालमपुर (टॉप 5), मिस विंटर क्वीन फाइनलिस्ट और मिस नॉर्दर्न सेमीफाइनलिस्ट जैसे महत्वपूर्ण मुकाम शामिल हैं। रुपांशी की मेहनत रंग लाई जब उन्होंने मिस मंडी 2026 का ताज अपने नाम किया। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि उनके माता-पिता के सपनों और विश्वास की भी जीत है।

रुपांशी का कहना है कि वह अपने हर कदम से अपने माता-पिता को गर्व महसूस कराना चाहती हैं। अपनी सादगी, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों के साथ रुपांशी शर्मा क्षेत्र की युवतियों के लिए एक प्रेरणा बनकर उभर रही हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना यह साबित करता है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर सपना साकार किया जा सकता है।

पढ़ाई और मॉडलिंग दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाते हुए रुपांशी आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा