चुनावी हार की कुंठा में आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं जय राम ठाकुर : शांडिल और नेगी
शिमला, 30 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर पर तीखा हमला बोला है।
दोनों मंत्रियों ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के लगभग साढ़े तीन वर्ष बाद भी जय राम ठाकुर उस पराजय की कुंठा से उबर नहीं पाए हैं। यही कारण है कि वे लगातार आधारहीन बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में बने रहने का प्रयास कर रहे हैं।
मंत्रियों ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव परिणामों को लेकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि ये चुनाव किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक आए चुनावी नतीजों से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और उसके नेता आपसी प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे को कमजोर करने में लगे हैं। अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए भाजपा नेता लगातार बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं।
डॉ. शांडिल और जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से कई परिवर्तनकारी पहल की हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की बढ़ती लोकप्रियता भाजपा नेताओं को स्वीकार नहीं हो रही है, इसलिए वे निराधार आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं और राज्य श्रेष्ठ से सर्वश्रेष्ठ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मंत्रियों ने कहा कि कांग्रेस सरकार कार्य और परिणामों में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा केवल नारों और बयानबाजी की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लोकप्रियता से भाजपा नेताओं में बेचैनी है और उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों में संभावित हार का डर अभी से सताने लगा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना को बंद कर ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों गरीब परिवारों को प्रभावित किया है। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार ने गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के आर्थिक उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं।
मंत्रियों ने बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2.83 लाख रुपये तक पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 64 हजार रुपये अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है, जबकि अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

