शिमला ग्रामीण में 9553 खिलाड़ियों के साथ सजेगा खेल महाकुंभ, नशे के खिलाफ खेलों को बनाएंगे हथियार : विक्रमादित्य सिंह
शिमला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 25 अक्टूबर से खेलों का महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। ‘खेलेंगे भी, खिलेंगे भी’ थीम पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 9553 खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य हिस्सा लेंगे। 22 दिन तक चलने वाले इस आयोजन में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और रस्साकशी जैसे खेलों के साथ लोकनृत्य, फैशन शो और मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक करना और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बनूटी में होगा। इसका समापन 15 नवंबर को सुन्नी में किया जाएगा।
नशे से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा
शिमला ग्रामीण के विधायक और हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान खेल महाकुंभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपने निर्वाचन क्षेत्र में युवाओं, महिलाओं और पुरुषों के लिए इस आयोजन को करवाते आ रहे हैं। प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था। अब इसे दोबारा बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलेगा।
क्रिकेट की 211 और रस्साकशी की 260 टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के लिए बड़ी संख्या में टीमों ने पंजीकरण करवाया है। क्रिकेट में 211 और रस्साकशी में 260 टीमों की भागीदारी प्रस्तावित है। वॉलीबॉल में 50 टीमें हिस्सा लेंगी। महिला और पुरुष कबड्डी में 60-60 टीमें मैदान में उतरेंगी। बैडमिंटन की महिला और पुरुष श्रेणियों में भी 60-60 टीमों ने पंजीकरण करवाया है। लोकनृत्य प्रतियोगिता के लिए 100 टीमों ने पंजीकरण कराया है। फैशन शो और मॉडलिंग में अब तक 400 महिलाओं ने भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाया है। इसके अतिरिक्त म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस तरह खेलों के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।
चार स्थानों पर होंगे क्रिकेट के मुकाबले
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि खेल महाकुंभ के तहत क्रिकेट प्रतियोगिताएं सुन्नी, करयाली, कुनिहार और कण्डाघाट में करवाई जाएंगी। अन्य खेलों के मुकाबले सुन्नी और बनूटी में होंगे। आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए 400 सदस्यों की समिति गठित की गई है। खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों को मिलाकर कुल 9553 लोगों के इस आयोजन से जुड़े होने की जानकारी दी गई है। प्रतियोगिता में केवल शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के निवासी ही भाग ले सकेंगे। एक पंचायत का खिलाड़ी दूसरी पंचायत की टीम से नहीं खेल पाएगा। इस व्यवस्था के तहत पंचायत स्तर पर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
विजेताओं को मिलेंगे 21 लाख रुपये के नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को कुल 21 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ ट्रॉफियां और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए जाएंगे। रस्साकशी को छोड़कर अन्य सभी प्रतिभागियों को पहनने के लिए किट उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक खेल के लिए उससे संबंधित खेलने की किट भी मुहैया करवाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

