home page

शाढ़नू मेला में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन: युवाओं ने दिया चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी का संदेश

 | 
शाढ़नू मेला में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन: युवाओं ने दिया चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी का संदेश


मंडी, 22 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला की ग्राम पंचायत नसलोह में शाढ़नू मेला के उपलक्ष्य में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से चिट्टामुक्त हिमाचल -नशामुक्त मंडी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया। मिनी मैराथन में कुल 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 150 पुरुष तथा 50 महिलाएं शामिल रहीं।

जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में मंडी के पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा सेवन ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब ग्रामीण स्तर पर मिनी मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि खेलें न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं। बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सशक्त जनआंदोलन है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने और इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित युवाओं को अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त रखने, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक एवं निजी स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। एंटी चिट्टा मिनी मैराथन प्रतियोगिता के अंडर-16 पुरुष वर्ग में कार्तिक कत्याल प्रथम, मोहित द्वितीय तथा रोहित तृतीय रहे। जबकि महिला वर्ग में रविवा शर्मा प्रथम, सिमरन द्वितीय तथा जाह्नवी तृतीय रही।

16 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में जतिन प्रथम, तिलक राज द्वितीय तथा शशि ठाकुर तृतीय रहे। महिला वर्ग में पलक प्रथम, गीतांजलि द्वितीय तथा सोनिया तृतीय स्थान पर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा