इटरनल विश्वविद्यालय की मेस में भोजन में कीड़े मिलने पर छात्राओं का हंगामा, अभाविप ने की जांच की मांग
नाहन, 07 मार्च (हि.स.)। सिरमौर जिले के बड़ू साहिब स्थित इटरनल विश्वविद्यालय में मेस में परोसे जा रहे भोजन में कीड़े मिलने के आरोपों के बाद छात्राओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में छात्राओं ने मेस पर ताला जड़कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
यह जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश सह मंत्री अवि ठाकुर ने ने बताया कि छात्राओं का आरोप है कि मेस में लंबे समय से खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
अवि ठाकुर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि भोजन में कीड़े मिलना न केवल बेहद चिंताजनक है, बल्कि यह विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है, जो विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराने और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही मेस व्यवस्था में तुरंत सुधार करते हुए नियमित निरीक्षण और भोजन की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
अभाविप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन छात्रों के स्वास्थ्य और अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

