home page

माता नवाही मंदिर भवन के जीर्णोद्धार एवं व्यवस्थाओं का होगा सुदृढ़ीकरण

 | 
माता नवाही मंदिर भवन के जीर्णोद्धार एवं व्यवस्थाओं का होगा सुदृढ़ीकरण


मंडी, 03 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सरकाघाट स्थित मशहूर शक्तिपीठ नवाही माता मंदिर भवन के जीर्णोद्धार तथा मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाएगा। जिसको लेकर सहायक आयुक्त, मंदिर नवाही एवं एसडीएम सरकाघाट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार सरकाघाट मनीष कुमार, मंदिर कमेटी के सदस्य, नगर परिषद सरकाघाट के पार्षद अश्वनी कुमार तथा जल शक्ति विभाग सरकाघाट के सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

बैठक में नवाही माता मंदिर की प्रशासनिक, सुरक्षा एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान मंदिर कमेटी में निर्धारित संख्या के अनुसार सदस्यों की संख्या पूर्ण करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन में आवश्यक समन्वय एवं सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं एवं संचालन के लिए छह मंदिर कर्मचारियों की नियुक्ति/तैनाती किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। मंदिर परिसर एवं भवन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की व्यवस्था पर भी विचार किया गया।

बैठक में मंदिर के असुरक्षित भवन के पुनर्निर्माण अथवा आवश्यक जीर्णोद्धार के लिए उचित प्रक्रिया अपनाने तथा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त मंदिर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर ड्यूटी पर रखने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी एवं व्यवस्थित बनी रहे। बैठक में अधिकारियों एवं मंदिर कमेटी के सदस्यों ने नवाही माता मंदिर की व्यवस्थाओं को आधुनिक एवं बेहतर बनाने, मंदिर भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया। बैठक में चर्चा किए गए प्रस्तावों पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा