home page

शोभायत्रा एवं मांडव शिला के पास हवन-यज्ञ के साथ मांडव्य महोत्सव शुरू

 | 
शोभायत्रा एवं मांडव शिला के पास हवन-यज्ञ के साथ मांडव्य महोत्सव शुरू


मंडी, 24 नवंबर (हि.स.)। राजदेवता माधोराय और मंडी के अधिष्ठता बाबा भूतनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ ही मांडव्य उत्सव का शुभारंभ हो गया। मंगलवार को नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर, उप महापौर जितेंद्र शर्मा व अन्य पार्षदों की मौजूदगी में पूजा अर्चना की गई। इस दौरान बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी भी मौजूद रहे। इसके पश्चात माधोराय मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें सांस्कृतिक दलों के अलावा स्कूली बच्चे और विभिन्न महिला मंडलों की महिलाएं भी शोभायात्रा में शमिल हुई। यह शोभायात्रा, सेरी बाजार, नए सुकेती पुल पड्डल होती हुई, ब्यास नदी के तट पर पावन मांडव्य शिला के पास पहुंची। जहां धर्मसंघ भूतनाथ मंदिर की ओर से हवन करवाया गया।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा मांडव्य शिला के पास यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज से तीन वर्ष पूर्व नगर निगम के पूर्व मेयर विरेंद्र भट्ट शर्मा के कार्यकाल में मांडव्य उत्सव का शुभारंभ किया गया था। इसी कड़ी में तीसरा मांडव्य उत्सव है, नगर निगम के सभी पार्षदों के अलावा शहर की कई संस्थाओं के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी मांडव्य ऋृषि की पावन भूमि है। मांडव्य उत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने इतिहास के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाना उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक होने के नाते प्रयास रहेगा कि मंडी शहर के विकास में नगर निगम का सहयोग कर सकूं। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर ने कहा कि मांडव्य महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध देव संस्कृति, धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को संजोने का एक पावन उत्सव है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस महोत्सव के माध्यम से मंडी की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा