नगर निगम पर जीत के बाद भजापा ने जिला परिषद में भी फहराया भगवा, 36 में 25 सीटों पर जीत का दावा
मंडी, 01 जून (हि.स.)। मंडी नगर निगम के बाद जिला परिषद में भी कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को जिले की 36 में से केवल चार पर ही जीत हासिल हुई है जबकि भाजपा ने 2021 के मुकाबले एक सीट का इजाफा करते हुए 25 सीटों पर विजय हासिल की है। दो सीटों पर वामदलों का कब्जा हो गया। 4 सीटें भाजपा के बागी ले उड़े। जबकि एक पर कांग्रेस के बागी ने कब्जा जमाया। लांगणा की सीट पर आजाद उम्मीदवारl0 ने विजय हासिल की है। ऐसे में नगर निगम के बाद जिला परिषद में भी भाजपा ने एक तरफा जीत हासिल करते हुए अपना परचम लहरा दिया है।
रोचक यह रहा है कि जिला कांग्रेस की अध्यक्ष चंपा ठाकुर भी जिला परिषद में अपनी सीट नहीं बचा सकी। चंपा ठाकुर ने कोटली वार्ड से चुनाव लड़ा और वह भाजपा समर्थित हेम लता से लगभग 2464 वोटों के अंतर से हार गई। चंपा ठाकुर लगातार चार बार विभिन्न जिला परिषद वार्डों से चुनी जाती रही है मगर इस बार अपने गृह वार्ड कोटली से ही हार गई। वह जिला परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह की बेटी हैं। इसी तरह से पूर्व में जिला परिषद सदस्य रही पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह की बेटी वंदना गुलेरिया भी धर्मपुर के टीहरा वार्ड से कड़े मुकाबले में अनीता कुमारी से 51 मतों के अंतर से हार गई। रोचक यह रहा है कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर जो दो बार सदर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं में एक भी कांग्रेस का उम्मीदवार जिला परिषद में नहीं पहुंच पाया।
इसी तरह से ठाकुर कौल सिंह के गृह क्षेत्र में भी कांग्रेस की दुर्गति हुर्ह। वहां भी कोई सीट कांग्रेस को जिला परिषद में नहीं मिली।
जिला परिषद के चुनावों में भाजपा के 25 अधिकृत विजेताओं की सूची में वार्ड नंबर 2 बथेरी से रोशन लाल, वार्ड नंबर 3 नेर घरवासड़ा से बिंदु बाला, वार्ड नंबर 6 नगवाईं से विद्या देवी, वार्ड नंबर 7 स्योग से धर्मपाल ठाकुर, वार्ड नंबर 8 कटौला से दीपक कुमार शर्मा, वार्ड नंबर 9 थाची से बोदी देवी, वार्ड नंबर 10 बासा से पदमा देवी, वार्ड नंबर 11 मझोठी से इंद्र देव, वार्ड नंबर 12 रोड़ से शिव चंद, वार्ड नंबर 14 नौण से टिक्कम सिंह, वार्ड नंबर 15 चुराग से शकुंतला देवी, वार्ड नंबर 16 लोअर करसोग से अनिता देवी, वार्ड नंबर 17 सराहन से नोमलता, वार्ड नंबर 18 सांवीधार से कमल सिंह, वार्ड नंबर 19 डैहर से रोशन लाल, वार्ड नंबर 21 खिलड़ा से अमरू राम, वार्ड नंबर 23 कोट बल्ह से प्रेम सिंह, वार्ड नंबर 25 बैहल से संजय कुमार रावत, वार्ड नंबर 27 कोट गोपालपुर से सुष्मिता शर्मा, वार्ड नंबर 30 सदयाणा से परस राम, वार्ड नंबर 32 सरी से रीना देवी, वार्ड नंबर 33 नवाही से श्याम लाल और वार्ड नंबर 35 सोहर से अंजना कुमारी शामिल हैं।
भाजपा के बागियों में वार्ड नंबर 4 डलाह से चंपा देवी, वार्ड नंबर 24 गोड़ा गागल से डिम्पल कुमार सैनी और वार्ड नंबर 28 भाम्बला से अभिलाषा ठाकुर ने जीत हासिल की, जबकि सीपीआईएम की ओर से वार्ड नंबर 1 भडयाडा से कुशाल भारद्वाज और वार्ड नंबर 5 कुफरी से शिवानी ठाकुर ने जीत का परचम लहराया। इस प्रचंड जीत का पूरा श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व और उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ को दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

