home page

गाड़ी धोते समय फिसले व्यक्ति की मौत, सिर पर लगी थी चोट

 | 

शिमला, 16 मई (हि.स.)। शिमला जिला के नेरवा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की घर के बाहर गाड़ी धोते समय पैर फिसलने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय प्रेम प्रकाश कुमार पुत्र संत राम निवासी गांव गुरार, डाकघर थरोच, तहसील नेरवा के रूप में हुई है।

पुलिस को 15 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा से सूचना मिली कि प्रेम प्रकाश कुमार को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतक के बेटे चिराग ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उसके पिता घर के बाहर अपनी गाड़ी धो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़े। गिरने के बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जिसमें सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान पाए गए। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और विस्तृत रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने घटना स्थल गांव गुरार पहुंचकर भी जांच की।

शुरुआती जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रकाश की मौत गाड़ी धोते समय पैर फिसलने से गिरने और सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा