home page

आवारा सांड के हमले में व्यक्ति की मौत, बेटा भी हुआ घायल

 | 

सोलन, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 कालका- शिमला पर स्थित कुमारहट्टी में बुधवार सुबह एक आवारा सांड ने एक व्यापारी पर अचानक हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया, बचाव करने आए उसके बेटे पर भी सांड ने हमला कर दिया । इस घटना में 55 वर्षीय व्यापारी देवेंद्र वोहरा की मौत हो गई है ।

इस दुखद घटना ने पूरे कुमारहट्टी क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है । व्यापार मंडल ने दिवंगत व्यापारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूरे बाजार को बंद रखा। घटना बुधवार सुबह लगभग 8:15 बजे के करीब हुई बताई गई है । देवेंद्र वोहरा अपने घर के बाहर सीढ़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना को देखकर एक राहगीर ने तुरंत उनके घर जाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनका बेटा मौके पर पहुंचा और अपने पिता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सांड ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में बेटा भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र वोहरा को मृत घोषित कर दिया । जबकि उनके बेटे का उपचार जारी है।

देवेंद्र वोहरा पिछले लंबे समय से कुमारहट्टी बाजार में वोहरा ब्रदर्स के नाम से अपनी प्रतिष्ठित दुकान चला रहे थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। घटना के बाद व्यापार मंडल कुमारहट्टी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूरे बाजार को बंद रखा।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कुमारहट्टी क्षेत्र में आवारा सांडों और अन्य आवारा पशुओं का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो एक बेकसूर व्यक्ति को अपनी जान से हाथ ना धोना पड़ता ।

व्यापार मंडल एवं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा