home page

पांवटा साहिब में स्कूल के पीछे नशा बेचते धरा गया युवक, 6.66 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार

 | 
पांवटा साहिब में स्कूल के पीछे नशा बेचते धरा गया युवक, 6.66 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार


नाहन, 19 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण टीम ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पांवटा साहिब के केदारपुर क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक युवक को 6.66 ग्राम चिट्टा/स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस की विशेष टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि शाहरुख पुत्र गुलजार अली, निवासी भगवानपुर (पुरूवाला), काफी समय से पांवटा साहिब और आसपास के इलाकों में नशे (चिट्टा/स्मैक) की तस्करी में संलिप्त है। सूचना में बताया गया था कि आरोपी केदारपुर स्थित विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे एक निर्माणाधीन मकान के पास ग्राहक की तलाश में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। जब युवक के पास मौजूद कैरी बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 6.66 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुई।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और पांवटा साहिब में किन-किन लोगों को इसे सप्लाई किया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर