20 अगस्त तक चलेगा ‘मैं भी स्वदेशी’ अभियान, लोगों से जुड़ने की अपील
मंडी, 06 अगस्त (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच, हिमाचल प्रदेश की प्रांत प्रमुख स्वदेशी शोध प्रो. अनुपमा सिंह ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रव्यापी मैं भी स्वदेशी समर्थक जन अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे देश में 20 अगस्त तक चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य प्रत्येक भारतीय को स्वदेशी के प्रति जागरूक करना तथा भारत में निर्मित उत्पादों के उपयोग को जन-जन का संकल्प बनाना है।
प्रो. सिंह ने कहा कि स्वदेशी केवल एक आर्थिक नीति नहीं, बल्कि भारत के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र के निर्माण का सशक्त आधार है। जब हम भारत में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देते हैं, तब हम केवल एक उत्पाद नहीं खरीदते, बल्कि देश के किसानों, कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों , कुटीर एवं ग्रामीण उद्योगों तथा शहरी उद्यमियों के परिश्रम और आजीविका को सशक्त बनाते हैं।
.प्रो. अनुपमा सिंह ने प्रदेश के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों तथा सामाजिक संगठनों से आग्रह किया कि वे साझा किए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर स्वयं को मैं भी स्वदेशी…समर्थक अभियान के अंतर्गत पंजीकृत करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक स्वदेशी समर्थक कम से कम 10 अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़े, तो यह एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
यह अभियान केवल खरीदारी की आदत बदलने का नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को नई गति देने का अभियान है। प्रो. अनुपमा सिंह ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा अपने परिवार और समाज को भी स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

