home page

20 साल से सड़क का इंतजार... अब करेंगे पंचायत चुनावों के बहिष्कार , एसडीएम सरकाघाट को सौंपा ज्ञापन

 | 
20 साल से सड़क का इंतजार... अब करेंगे पंचायत चुनावों के बहिष्कार , एसडीएम सरकाघाट को सौंपा ज्ञापन


मंडी, 22 अप्रैल (हि.स.)। इस महीने की 13 तारीख को मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के गांव नैण की छात्रा सिया के बेरहम कत्ल के बाद क्षेत्र के लोग अपने बच्चों व परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद हैं। इसी कड़ी में गोपालपुर पंचायत के गोपालपुर वार्ड के लोगों ने 20 साल से गोपालपुर बतालड़ी के बीच रूकी सड़क को लेकर आवाज बुलंद की है, 20 साल से सड़क न बनने का मुद्दा उठाया है और पंचायत चुनावों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।

बुधवार को महिला मंडल बतालड़ी की सदस्यों समेत 40 महिला पुरूषों ने एक हस्ताक्षरित ज्ञापन उपमंडलाधिकारी सरकाघाट को सौंपा है। इसमें कहा है कि सिया का 13 अप्रैल को बेरहमी से कत्ल नहीं होता यदि उसके गांव को जाने वाली बस एक महीने से बंद नहीं होती। इस वारदात के बाद हम सभी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। गोपालपुर से बतालड़ी तक सड़क 20 सालों से बनाई जा रही है मगर यह बनी नहीं। बीच में रूकी हुई है। चुनाव जब भी आते हैं चाहे लोक सभा का हो या विधानसभा या फिर पंचायत का, हर उम्मीदवार यही भरोसा दिलाता है कि सबसे पहले आपकी सड़क बनाई जाएगी मगर आज दिन तक कुछ नहीं हुआ। हमारे गांव से भी 14 बच्चे रोजाना गोपालपुर पाठशाला को जाते हैं, 2 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है, रास्ता सुनसान है, कभी भी कुछ हो सकता है।

लोगों को इसी रास्ते से रोजाना बाजार में सामान लेने के लिए आना जाना होता है। जब तक बाहर गया कोई भी सदस्य वापस सुरक्षित घर नहीं पहुंच जाता, तब तक पूरा परिवार चिंतित रहता है। ऐसे में जब तब उनकी सड़क नहीं बनती, उस पर वाहन नहीं चलाया जाता तब तक वह चुनावों का बहिष्कार करेंगे।

ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में रजनी देवी, किरण, शंकुतला देवी, गोपाल सिंह, चिंत राम, नीलमा देवी, मस्त राम, उर्मिला देवी, दीपा देवी, लीला देवी, प्रेम चंद, संतोष कुमारी, जगरनाथ, अमर सिंह, मालती देवी,रेवती देवी, टेक चंद, हेम राज, संजना देवी, सपना देवी, रणजीत सिंह, दीपा, बंती देवी, अजय कुमार, बदरीदास, सलोचना, प्रेम चंद, करतार चंद, पनीता देवी, कांता देवी, शैलजा, लीला देवी, सुरेंद्र कुमार, रोशन लाल, राज कमल, निशा देवी व पूनम आदि हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा