home page

नाहन  शिव मंदिर से कान्हा की मूर्ति गायब, आक्रोशित श्रद्धालुओं ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

 | 

नाहन, 09 सितंबर (हि.स.)। नाहन के वार्ड नंबर 5, अमरपुर मोहल्ला (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर से भगवान कृष्ण ( लड्डू गोपाल) की चांदी की मूर्ति संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। जन्माष्टमी पर्व पर मंदिर के झूले में विराजे कान्हा जी की मूर्ति के अचानक गायब होने से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है। इस घटना को लेकर आज वार्ड पार्षद सीमा अत्री की अगुवाई में स्थानीय श्रद्धालुओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात की और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति से जुड़े लोगों के अनुसार, जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान कृष्ण की इस चांदी की मूर्ति को बड़े हर्षोल्लास के साथ मंदिर के पालने में स्थापित किया गया था। इसके बाद जब ‘छठी’ के धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही थीं, तब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालुओं को पता चला कि पालने से कान्हा जी की मूर्ति गायब है।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं सीमा अत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इलाके में बढ़ते नशे के प्रचलन के कारण इस तरह की अनहोनी की आशंका पहले से बनी हुई थी। उन्होंने अंदेशा जताया है कि किसी असामाजिक या नशेड़ी तत्व ने ही इस वारदात को अंजाम दिया होगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और इससे पहले भी यहाँ का दानपात्र (गल्ला) तोड़कर चोरी की घटना हो चुकी है।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि कान्हा जी की मूर्ति को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में या पूजा-अर्चना के उद्देश्य से मूर्ति अपने साथ ले गया है, तो उसे ससम्मान मंदिर में वापस रख दे, अन्यथा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर