home page

हिमाचल लोकभवन में मनाया गया गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस

 | 
हिमाचल लोकभवन में मनाया गया गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस


शिमला, 01 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित लोक भवन में शुक्रवार को गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस के अवसर पर एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने हिस्सा लिया और हिमाचल में रह रहे दोनों राज्यों के लोगों को इस मौके पर एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मेलजोल के साथ इस दिन को मनाने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन अलग-अलग राज्यों के लोगों को एक मंच पर लाते हैं और आपसी समझ तथा सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है और इसे मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से मिल-जुलकर देश की इस भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान गुजरात और महाराष्ट्र से जुड़े प्रतिभागियों ने राज्यपाल के साथ संवाद किया और अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी साझा की। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक पहलुओं पर चर्चा भी हुई, जिससे कार्यक्रम एक संवाद के मंच के रूप में उभरा।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी सम्मान, समझ और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के विचार का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति की मूल भावना है, जो पूरे देश को एक सूत्र में बांधती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लोक भवन में इस तरह के आयोजन लोगों को एक-दूसरे को करीब से समझने और देश की सांस्कृतिक विविधता को सराहने का अवसर देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा