home page

मजबूत संगठन के दम पर हिमाचल में लोजपा खड़ा करेगी तीसरा बड़ा विकल्प : नितिन चौहान

 | 
मजबूत संगठन के दम पर हिमाचल में लोजपा खड़ा करेगी तीसरा बड़ा विकल्प : नितिन चौहान


नाहन, 17 अगस्त (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हिमाचल प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ तीसरे बड़े विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने की तैयारी में है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान उर्फ टिंकू ने सोमवार को नाहन में पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी किसी व्यक्ति, दल या सरकार के विरोध की राजनीति नहीं करेगी, बल्कि अपने मुद्दों और संगठन की ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी।

नितिन चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए केवल राजनीतिक पद नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उनका प्राथमिक लक्ष्य हिमाचल में के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। बूथ और खंड स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी में युवाओं, महिलाओं, किसानों-बागवानों, कर्मचारियों और व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसके बाद संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।नितिन चौहान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जल्द हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान और पूर्व की सरकारों ने युवाओं को रोजगार देने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल के युवाओं के लिए रोगार, पर्यटन को नई दिशा देना, किसानों-बागवानों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाना तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाना पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा।

नितिन चौहान ने अपने पिता स्वर्गीय सदानंद चौहान की राजनीतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास को लेकर उनके जो सपने थे, उन्हें नई सोच के साथ आगे बढ़ाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक समीकरण अपनी जगह हैं, लेकिन हिमाचल में लोजपा अपनी पहचान और संगठनात्मक ताकत के साथ आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर