home page

चुनाव सत्ता का सेमीफाइनल, जनता सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों का हिसाब चुकता करने को तैयार : जयराम ठाकुर

 | 
चुनाव सत्ता का सेमीफाइनल, जनता सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों का हिसाब चुकता करने को तैयार : जयराम ठाकुर


शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि आगामी स्थानीय निकाय और नगर निगम चुनाव वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल साबित होंगे। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और बदलाव के लिए तैयार है।

शिमला से जारी बयान में बुधवार को जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने का स्वागत करते हुए मांग की कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही चुनावों में अनावश्यक देरी की गई है, जिससे लोकतंत्र की जमीनी इकाइयों पर असर पड़ा है।

उन्होंने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले वर्षों में जनविरोधी नीतियां अपनाई गई हैं और जनता से किए गए वादे पूरे नहीं हुए। उनके अनुसार, महिलाएं, किसान-बागवान और बेरोजगार वर्ग सरकार से निराश हैं और चुनाव में इसका जवाब देंगे।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में बढ़ते करों के बोझ और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में देरी से ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ है और प्रशासनिक स्तर पर नियंत्रण कमजोर पड़ा है। केंद्र से सहायता मिलने के बावजूद राज्य सरकार विकास को गति देने में विफल रही है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रहा है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में जीत दर्ज कर 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के शासन से बदलाव चाहती है और भाजपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला