home page

कुल्लू और लाहौल स्पीति में ताजा बर्फबारी से सफेद हुई वादियां, पर्यटक खुश

 | 
कुल्लू और लाहौल स्पीति में ताजा बर्फबारी से सफेद हुई वादियां, पर्यटक खुश


कुल्लू, 15 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में मार्च के मध्य में हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को सफेद चादर से ढक दिया है। लंबे समय के सूखे के बाद हुई बर्फबारी और बारिश ने जहां पर्यटकों के चेहरे खिला दिए हैं, वहीं स्थानीय किसानों और बागवानों को भी बड़ी राहत मिली है।

लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों के साथ-साथ अटल टनल, रोहतांग पास, सिस्सु, कोकसर, और शिंकुला दर्रे में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। वहीं मनाली के ऊपरी इलाकों सोलंग नाला, मढ़ी व गुलाबा में बर्फबारी का दौर जारी है। जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है। कुछ समय पूर्व जहां लोगों द्वारा गर्म कपड़ों को अलमारियों में रख दिया गया था लेकिनअब एक बार फिर से गर्म कपड़ों की आवश्यकता पड़ गई है।

अटल टनल और सिस्सु के आसपास भारी संख्या में पर्यटक ताजा बर्फ का आनंद लेते देखे जा रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बर्फबारी से आने वाले हफ्तों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

प्रशासन की चेतावनी:

लाहौल प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर शिंकुला दर्रे की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए एडवायजरी जारी की है और कुछ मार्गों पर आवाजाही को नियंत्रित किया है।

वहीं बर्फबारी के कारण दारचा-शिंकुला और रोहतांग पास जैसे ऊंचे मार्ग फिसलन भरे हो गए हैं, इसलिए वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।

लाहौल पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति कुल्लू या लाहौल की यात्रा की योजना बना रहा हो तो स्थानीय प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करें और ऊंचे इलाकों में जाने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें।

डीएसपी क्षमा दत्त शर्मा ने बताया कि अटल टनल के आसपास लगातार हो रही बर्फबारी के कारण सड़क की स्थिति 4×2 वाहनों तथा दोपहिया वाहनों के लिए सुरक्षित नहीं है। पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलंग बैरियर से आगे फिलहाल 4×2 वाहनों और दोपहिया वाहनों के जाने पर रोक लगा दी गई है।

मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी पर्यटकों से अनुरोध है कि वे अनावश्यक रूप से ऊपरी क्षेत्रों की ओर न जाएँ। यदि जाना अत्यंत आवश्यक हो तो केवल 4×4 वाहनों का ही उपयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह