शम्भुवाला की कंपनी में लिफ्ट का रस्सा टूटने से मजदूर की मौत
नाहन, 18 अप्रैल (हि.स.)। नाहन में शम्भुवाला स्थित सनवेट हेल्थ केयर कंपनी में लिफ्ट का रस्सा टूटने से मजदूर की मौत का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता हरीश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गांव सतिवाला, डाकघर शम्भुवाला जो कंपनी में कार्यरत ने बताया 17 अप्रैल शुक्रवार शाम को लिफ्ट से टक-टक की आवाज आ रही थी, लेकिन सुपरवाइजर प्रमोद ने बताने पर भी उस पर कोई ध्यान नहीं दिया और कार्य के दौरान लिफ्ट में पीवीसी के 150 बंडल लोड कर दिए गए, जिसका अधिक भार होने के कारण लिफ्ट का लोहे का तार का रस्सा टूट गया।
लिफ्ट के बाहर टीका राम पीवीसी सामान पकड़ने का कार्य कर रहा था। लिफ्ट में रखा सारा सामान टूटे रस्से के कारण टीका राम के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया व उसकी मृत्यु हो गई। इस सन्दर्भ में पुलिस थाना नाहन में धारा 125, 106(1) BNS के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

