home page

गौशाला में घात लगाए बैठे तेंदुए ने किया हमला, बुजुर्ग को किया जख्मी

 | 

शिमला, 15 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सिविल अस्पताल चौपाल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सिविल अस्पताल चौपाल के मेडिकल ऑफिसर ने दूरभाष के माध्यम से थाना चौपाल को सूचना दी कि एक व्यक्ति को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल में जाकर मामले की जानकारी ली।

अस्पताल में मोहन सिंह (68 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय भिंदर सिंह, निवासी गांव जरैत, डाकघर व तहसील चौपाल, जिला शिमला को घायल हालत में उपचाराधीन पाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उन्हें ये चोटें तेंदुए के हमले में लगी हैं।

जानकारी अनुसार मोहन सिंह 14 मार्च को अपनी पत्नी सरिता के साथ अपने ससुराल टिक्करी गांव गए हुए थे। रात के समय उन्हें कुत्ते के जोर-जोर से भौंकने की आवाज सुनाई दी। इस पर मोहन सिंह और उनकी पत्नी घर से बाहर निकलकर कुत्ते को देखने गए, लेकिन उस समय उन्हें कुत्ता कहीं दिखाई नहीं दिया।

अगली सुबह करीब सात बजे मोहन सिंह उठकर कुत्ते को देखने के लिए घर के पास स्थित गौशाला की तरफ गए। वहां उन्होंने देखा कि उनका कुत्ता मरा हुआ पड़ा है। जब वे कुत्ते को बाहर निकालने के लिए गौशाला के अंदर गए तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

तेंदुए के हमले में मोहन सिंह के सिर, बाजू, पीठ और चेहरे पर चोटें आई हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार इस घटना की सूचना वन विभाग और राजस्व विभाग को भी दे दी गई है, जिससे इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा सके और लोगों को सतर्क किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा