home page

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बना वैश्विक डिजिटल शक्ति : अनुराग सिंह ठाकुर

 | 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बना वैश्विक डिजिटल शक्ति : अनुराग सिंह ठाकुर


हमीरपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने डिजिटल इंडिया अभियान के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की डिजिटल क्रांति को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 1 जुलाई 2015 को शुरू हुई यह पहल आज भारत के सुशासन, पारदर्शिता, नवाचार और जनसशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने देश को एनालॉग व्यवस्था से निकालकर तकनीक आधारित आधुनिक प्रशासन की दिशा में अग्रसर किया है, जिससे गांवों से लेकर महानगरों तक नागरिकों के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने डिजिटल अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज देश में 144 करोड़ से अधिक आधार आईडी जारी की जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से 9.4 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता डिजिटल माध्यम से उनके खातों में पहुंचाई जा रही है। भारतनेट परियोजना के अंतर्गत लगभग 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और सरकारी सेवाओं की पहुंच और अधिक सुलभ हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के साथ-साथ प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली ने सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है तथा सरकारी धन की बचत सुनिश्चित हुई है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज भारत में 103 करोड़ से अधिक इंटरनेट कनेक्शन हैं और दुनिया के लगभग आधे रियल-टाइम डिजिटल भुगतान भारत में हो रहे हैं। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ने देश को डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, डिजिटल नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका मजबूत आधार डिजिटल इंडिया अभियान ने तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि आज का भारत एनालॉग नहीं बल्कि डिजिटल सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश के प्रत्येक नागरिक को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाने का कार्य किया है। यह अभियान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आने वाले वर्षों में भी भारत की प्रगति का प्रमुख आधार बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा