गुलरिया ढांक बन गया हजारों लोगों की जान का खतरा, हादसे का इंतजार करना सही नहीं : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बर्मा पापड़ी–कौला वाला भूड़ सड़क पर गुलरिया ढांक के बार-बार गिरने से उत्पन्न गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने कहा कि इस सड़क पर लगातार ढांक गिरने से हजारों लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पूरी बरसात के दौरान गुलरिया ढांक बार-बार गिरता रहा, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला गया।क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन इसी सड़क से होकर काला आम औद्योगिक क्षेत्र में अपने रोजगार और कामकाज के लिए जाते हैं। सड़क बाधित होने से लोगों को अनेक दिनों तक परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। उनके रोजगार, दैनिक कामकाज और जरूरी गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और कामकाजी लोगों को अपने कार्यालयों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले कल बिना बारिश के ही ढांक गिर गया। इससे स्पष्ट है कि खतरा केवल भारी बारिश के समय ही नहीं, बल्कि सामान्य परिस्थितियों में भी बना हुआ है। इस सड़क से गुजरने वाले किसी भी वाहन के साथ कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
डॉ. बिंदल ने जिला प्रशासन से भी आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। संभावित खतरे का आकलन किया जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए। किसी दुर्घटना के बाद राहत कार्य करने से बेहतर है कि समय रहते ऐसी स्थिति पैदा ही न होने दी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

