home page

बारिश का कहरः तालगहर व झलोगी में गिरा पहाड़ ,बंद रहे मंडी पठानकोट व चंडीगढ़ मनाली एनएच

 | 
बारिश का कहरः तालगहर व झलोगी में गिरा पहाड़ ,बंद रहे मंडी पठानकोट व चंडीगढ़ मनाली एनएच


बारिश का कहरः तालगहर व झलोगी में गिरा पहाड़ ,बंद रहे मंडी पठानकोट व चंडीगढ़ मनाली एनएच


मंडी, 07 अगस्त (हि.स.)। मंडी पठानकोट मार्ग पर तालगहर के पास पहाड़ी गिरने से करीब साढ़े चार घंटे आवाजाहीठप रही। उसी प्रकार शुक्रवार को चंडीगढ़ मनाली मार्ग पर भी झलोगी में पहाड़ खिसकने से कई घंटे यातायातबंद रहा। दोनों मार्गो पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। बीती रात हुई मूसलाधार बारिश जो शुक्रवार दोपहर तक भी मिले जुले दौर में जारी रही ने मंडी जिले में खूब कहर मचाया। जिले से गुजरने वाले दो अति महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मार्गो मंडी पठानकोट व चंडीगढ़ मनाली पर पहाड़ियों के दरकने से घंटों तक ये मार्ग बंद रहे। नतीजन वाहनों की मीलों तक कतारें लगी रही। बरसात के चलते इस दौरान वैकल्पिक छोटे मार्गों पर भी वाहन चलाना सही न होने के चलते इनका उपयोग भी कम हुआ। मार्ग जब खुले तो जाम की हालत बनी और फिर पूरा दिन वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

मंडी पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उरला के समीप तालगहर की पहाड़ी ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर कोहराम मचा दिया। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से दो बार भारी मात्रा में मलबा और गाद आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब साढ़े चार घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान एक कार और एक मालवाहक ट्रैवलर दलदल में फंस गए, जिन्हें एनएचएआई की मशीनरी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। दिनभर पहाड़ी से बीच-बीच में मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय फिर से मलबा आया और मार्ग बंद हो गया।

इसी मार्ग पर नारला बिजणी निर्माणाधीन सुपर हाईवे में कुन्नू के पीछे भी पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने तत्काल डोजर तैनात कर करीब एक घंटे के भीतर मलबा हटाया और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी। एनएचएआई के साइट इंजीनियर अंकित ने बताया कि तालगहर की पहाड़ी से बार बार मलबा व गाद एनएच पर आ रहा है। बहरहाल मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया है।

उधर, मंडी से आगे कुल्लू की ओर झलोगी टनल के पास सुबह के समय फिर से मलबा आया और यह मार्ग बंद हो गया। इसे मशीनरी लगाकर खोल दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पहाड़ी से तेज गति के साथ पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में सभी को इस मार्ग पर वाहन चलाते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा