मंडी-बरोट मार्ग पर चलती कार आई मलबे व विशाल पेड़ की चपेट में, सवार युवक बाल-बाल बचे
मंडी, 07 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश के प्रख्यात पर्यटन व सौंदर्य स्थल बरोट मार्ग पर जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर बोचिंग के पास गुराहला की पहाड़ी को बेहद खतरनाक बना दिया है। रात भर यह मार्ग बंद रहा। सुबह जब इसे खोला गया और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई तो दोपहर के वक्त यहां से गुजर रही एक कार इसकी चपेट में आ गई जिसमें दो युवक सवार थे। इन युवकों ने किसी तरह से अपने को बाहर निकाल कर जान बचा ली। लगातार हो रही बारिश के चलते इस पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर, मलबा और पेड़ गिरने का क्रम लगातार चल रहा है। बीती रात भारी बारिश के बीच पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण राजमार्ग पूरी रात यातायात के लिए बंद रहा।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बारिश से कमजोर हो चुकी पहाड़ी से अचानक एक विशाल पेड़ गुजर रही कार एचपी 22सी-4950 पर आ गिरा। गनीमत रही कि कार में सवार शिमला के दो युवक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए। इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन राजमार्ग पर सभी प्रकार की आवाजाही तत्काल बंद कर दी। घटनास्थल के दोनों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर डेंजर जोन में प्रवेश न करे। सड़क पर गिरे पेड़ और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए मशीनरी मौके पर मौजूद है, लेकिन पहाड़ी से लगातार खतरा बने रहने के कारण राहत कार्य भी सावधानी के साथ किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल झटिंगरी के सहायक अभियंता भगत राम यादव ने बताया कि लगातार बरसात के कारण पहाड़ी की स्थिति अत्यंत संवेदनशील हो गई है। ढलान पर खड़े दर्जनों पेड़ों की जड़ें पानी से कमजोर पड़ चुकी हैं और वे कभी भी गिर सकते हैं। मौसम पूरी तरह साफ होने और पहाड़ी के स्थिर होने तक इस मार्ग पर यात्रा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग पूरी तरह बहाल है। लेकिन यहां सफर जोखिम भरा है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की।
एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर सभी प्रकार की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि मशीनरी मौके पर मौजूद है, लेकिन मौसम सामान्य होने और पहाड़ी के स्थिर होने से पहले यातायात शुरू करना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा न करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

