हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन बंद, मरीजों को निजी लैब भेज रही सरकार : विधायक आशीष शर्मा
हमीरपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। हमीरपुर सदर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में मरीजों को कई बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनके अनुसार पिछले कई दिनों से अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा प्रभावित है, जिसके कारण मरीजों को निजी लैब में अधिक खर्च कर जांच करवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है।
आशीष शर्मा ने बुधवार को कहा कि यदि मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही मरीजों को समय पर सीटी स्कैन जैसी जरूरी सुविधा नहीं मिल रही है तो प्रदेश के अन्य दूरदराज क्षेत्रों की स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की लिफ्टें भी बार-बार खराब हो रही हैं, जिससे बुजुर्गों, गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार यह केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि अस्पताल प्रबंधन की प्रशासनिक विफलता को भी दर्शाता है।
भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में कई जरूरी जेनेरिक दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मरीजों और उनके परिजनों को सर्जिकल ग्लव्स, सिरिंज और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी निजी मेडिकल स्टोर से खरीदने के लिए कहा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आए लोगों को जरूरी सामान भी बाहर से खरीदना पड़े तो इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावों पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि मौजूदा स्थिति उन दावों से मेल नहीं खाती।
आशीष शर्मा ने भोरंज से कांग्रेस विधायक के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें भोरंज अस्पताल में जल्द सीटी स्कैन मशीन लगाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि नई मशीनों की घोषणा करने से पहले सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में पहले से मौजूद सीटी स्कैन मशीन नियमित रूप से काम करे और मरीजों को बिना रुकावट सेवा मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

