शिमला : केंद्रीय विद्यालय में पेंट का काम कर रहे मजदूर की छत से गिरने से मौत
शिमला, 13 जुलाई (हि.स.)। शिमला के बालूगंज थाना अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय जतोग में रंगाई का काम कर रहे एक मजदूर की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल, शिमला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 46 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह शिमला जिले के गांव पनेवला, डाकघर बायचड़ी, तहसील एवं जिला शिमला के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार को केंद्रीय विद्यालय जतोग में मरम्मत और रंगाई का काम चल रहा था। प्रमोद कुमार स्कूल की छत पर पेंट कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत आईजीएमसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने किसी पर भी संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

