home page

प्रसूता की मौत पर कुल्लू में उबाल, अस्पताल में प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

 | 
प्रसूता की मौत पर कुल्लू में उबाल, अस्पताल में प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग


कुल्लू, 29 जून (हि.स.)। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 20 जून को प्रसूता मंजू शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को सैकड़ों लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारी पहले ढालपुर स्थित कला केंद्र के समीप एकत्र हुए और वहां से रोष रैली निकालते हुए ढालपुर चौक पहुंचे, जहां प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग का पुतला दहन किया गया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ क्षेत्रीय अस्पताल पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगी चेन तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद मंजू शर्मा की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्स ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि महिला की पीड़ा को ड्रामा बताकर नजरअंदाज किया गया, जिसके कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन अब मामले में गलत जानकारी देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है।

स्थानीय समाजसेवी बलदेव ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित डॉक्टर और नर्स के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आमरण अनशन भी किया जाएगा। जिला परिषद सदस्य विभा सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह