home page

रामलीला के मंचन के लिए सजने लगा कोटली का मंच

 | 
रामलीला के मंचन के लिए सजने लगा कोटली का मंच


मंडी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला के उप मंडल मुख्यालय कोटली में शरद नवरात्रों के पावन अवसर पर इस बार होने वाले रामलीला उत्सव के लिए आयोजन समिति की ओर से की जा रही तैयारियां जोरों पर है। कोटली में इस वर्ष रामलीला का यह मंच प्रथम नवरात्रि से आरंभ होकर दशहरे तक पूरे 10 दिनों के लिए सजाया जा रहा है।

श्री रामलीला कमेटी कोटली के प्रधान प्रशांत मोहन ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में बाढ़ के कारण आई त्रासदी को देखते हुए यह आयोजन मात्र 5 दिन ही आयोजित किया जाता रहा। लेकिन बीते वर्षों में रामलीला देखने आने वाले दर्शकों की भीड़ तथा उत्साह को देखते हुए इस बार रामलीला कमेटी के हौसले बुलंद हैं। लिहाजा कमेटी ने इस बार रामलीला के मंचन को पूरे 10 दिनों के लिए आयोजित किए जाने का निर्णय लिया है।

प्रशांत मोहन ने बताया कि रामलीला का यह उत्सव प्रथम नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है जिसका उद्घाटन सेवा निवृत प्रधानाचार्य ठाकुर सिंह वर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक अनिल शर्मा 20 अक्टूबर को होने वाले समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।कमेटी के निर्देशक नरेश ठाकुर ने बताया इस बार आयोजन समिति ने नए कलाकारों को मौका दिया है। जिनको तैयार करने के लिए पिछले एक माह से लगातार रिहर्सल का क्रम जारी है।

कमेटी के महासचिव अश्विनी कुमार ने बताया की आयोजन के दौरान रामलीला के भाव विभोर दृश्य के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए हास्य नाटिकाओं तथा भजन गायन इत्यादि की भी व्यवस्था की जाएगी किसके लिए स्थानीय महिला मंडलों तथा लोक कलाकारों को मंच पर अवसर प्रदान किए जाएंगे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा